शुक्रवार, 28 मार्च 2014

बैरागी मन

                                                                                                    Image by Mike Baird, Courtesy flickr.com, 


कुछ गलियाँ वो होती हैं जो पीछे छूट जाएँ तो भी कभी नहीं भूलतीं। उन चंद गलियों में एक गली तुम्हारी भी है, जो मुझे जर्रे-जर्रे से याद है, आज भी। गुजरना होता है जब भी कहीं समीप कि तेरी गली से, मुझे पुकार वो अब भी सुनाई दे जाती है। पुकार, जो मैं कभी अनसुना नहीं कर सकता था। फिर आज क्यों अनसुना कर देता हूँ। औपचारिकता सहजता पर नकेल कस ही देती है। सारी क़समें,सारे वादे बस धरे के धरे रह जाते है। निस्ठुरता सज्जनता को निगल लेती है। काश कि कोई जादुई कलम वाकई में होती, और काश कि वो मेरे हाथों में होती, तो क्या मैं तब भी यूँ ही सब कुछ होने देता।  नहीं, तब मैं जरूर तुम्हारे मन कि उलझनों को एक सरलता देने का प्रयास करता।तुम्हारे मन के ताम्रपत्र पर कुछ ऐसे शब्द गढ़ता जिससे किसीको कोई आघात न होता। किसी का हृदय उन शब्दों कि कटुता से विचलित न होता। कुंठित न होता। परन्तु, उस जादुई कलम के अभाव से मैं आज बेबस हूँ। लाचार हूँ। यही लाचारी है जो इन कदमों को मोड़ देती है, नहीं बढ़नें देती तेरी गली कि ओर। बेबस हूँ, बस यही कहूंगा। 


कभी नहीं सोचा-जाना था कि शब्द कि कटुता इतनी विषैली भी हो सकती है, कि अंतर्मन को भी मूर्छित कर सकती है। कुछ लोग होते है जिनको दाल में हींग का होना न होना एक जैसा, तुम भी उनमे से एक होगे या हो जाओगे ये न सोचा था कभी। खैर, मुद्दतों बाद देखना हुआ था तुम्हें, सारे रोएँ थर्रा गए थे, रक्त नब्जों में दौड़ना भूल गए, जबान शब्द और कंठ स्पंदन करना भूल गए। ऐसा क्यों हुआ नहीं समझ सका। कभी समझ भी नहीं सकूंगा। तुम्हारी क्या मनोस्थिति रही होगी ये भी तो नहीं जान पाउँगा। अब तो कबीर कि यही बात जहन में आती है कि "कबीरा खड़ा बाज़ार मांगे सब कि खैर, न कहु से दोस्ती, न कहु से बैर।" तुम तो अपने ही थे, कहीं ना कहीं आज भी तो अपने ही हो। कम से कम मैं तो यही मानते आया हूँ, मानता रहूँगा। प्यार-विश्वास, रिश्ते-नाते, दोस्ती-यारी इन सब से मन अभी बैरागी नहीं हुआ है। वैसे देखा जाये तो बैराग भी तो एक बंधन ही है, बंधन में न बंधने का बंधन। तो लगता है कि ऎसा ही कोई बैराग तुमने भी पाल लिया है मुझसे। तभी तो इतनी निष्ठुरता आ गई है तुममें। 

परायों से अपनापन हासिल होने कि तीव्र गुंजाईश होती है, कई सारे जो आज अपने हैं, बेहद करीबी हैं, कभी पराये ही हुआ करते थे। किन्तु एक दफ़ा कोई अपना, बेहद अपना पराया बन जाये तो उससे फिर कभी अपनापन मिलने कि गुंजाईश नहीं बचती। एक अदना-सा बीज विशाल वृक्ष का रूप ले सकता है, और वही विशाल वृक्ष कई-कई बीज उत्पन्न कर सकते हैं। प्रकृति कि यही खूबी है। तो ये खूबी इंसानी ज़ज्बातों में क्यों नहीं? क्यों इंसानी रिश्ते प्रकृति के नियमों से परे हैं? पानी जो नदी को छोड़ समंदर से जा मिलता है, वो नदी से मिलने दोबार भी तो आता ही है। नदी उसे ठुकराती भी तो नहीं, अपने आलिंगन में फिर से भर ही लेती है। नदी जानती है कि पानी के बिना उसका अस्तित्व नहीं। पानी भी समझता है कि उसके बिना नदी में बहाव नहीं। कल-कल कि मधुर संवाद नहीं। इसीलिए चला आता है एक रस होने। जिवंत होने। पानी नदी का पूरक है। रिश्ते भी तो पूरक होते हैं एक-दूसरे के। एकाकी के जीवन में भी भला क्या रिश्ते बन सकते हैं, निभाए जा सकते हैं? या तो अहसास ख़त्म हो जाता है, या फिर जरूरत। वरना यूँ ही नहीं कोई छोड़ जाता किसी को। 

क्या एक क्षण बरसों के, करोड़ों क्षणों से बनते आये रिश्ते को, प्रेम को, संयम  को, विश्वास को, जड़ों से उखाड़ कर बेपरवाही से तहस-नहस करने कि स्फूर्ति रखता है? क्या उस एक पल में इतनी अपार शक्ति होती भी है? यक़ीनन होती होगी। नहीं होती तो क्या मेरे अस्तित्व को यूँ तहस-नहस होने देते तुम? कभी नहीं। परन्तु तुमने ऐसा सहज ही होने दिया। इसका मुझे मलाल होता था, पर अब नहीं। अब मैंने उन बिखरे टुकड़ों को समेटना शुरू कर दिया है। दरारों को भरना आसान नहीं होता, मरम्म्त कि छाप झलक ही जाती है। दरारें भर तो दी जाती हैं, पर चटखने कि आशंका बनी रहती है। किन्तु, ढहे हुए दीवार को एक नए सिरे से उठाना आसान होता है। उसमे अदम्य साहस होता है, अटूट विश्वास भी। कच्चा सूत खिंचाव सहन नहीं कर सकता, झट से टूट जाता है। वही सूत जब धागों में पिरोया जाये तो कुछ हद तक खिंचाव झेल जाता है, टूट भी जाता है। वही धागा जब तानों-बानों में कस दिया जाता है तो उनमें कमाल कि सहनशक्ति समा जाती है। अब उस एक अदने से सूत को चटखाना मुमकीन नहीं। उस धागे को तोड़ना आसान नहीं। अब उसमे अपार शक्ति है। फिर वही शक्ति इंसानी रिश्तों में क्यों नहीं? क्यों?

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें